डीआईजी रुचिवर्धन मिश्र पहुंची मंदसौर
कलेक्टर-एसपी से चर्चा कर लिया व्यवस्था का जायजा
मंदसौर। रतलाम रेंज डीआईजी रुचिवर्धन मिश्र ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद नीमच एसपी मनोज राय के साथ वह मंदसौर पहुंची। यहां पर कलेक्टर मनोज पुष्प और एसपी हितेश चौधरी से कोरोना वायरस से बचाव को लेकर तैयार की गई रणनीति और व्यवस्था का जायजा लिया। कुछ जगहों पर निरीक्षण करने के बाद डीआईजी अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए।
मंदसौर पहुंचकर डीआईजी रुचिवर्धन मिश्र ने सर्किट हाउस पर अधिकारियों से चर्चा कर दिशा निर्देश दिए। इस दौरान कोरोना वायरस से सतर्कता और निपटने की तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान जिले की तैयारियों से डीआईजी मिश्र संतुष्ट नजर आई। मीडिया से चर्चा करते हुए डीआईजी ने कहा कि चार्ज लेकर तीनों जिलों की व्यवस्था का जायजा लिया गया है। मंदसौर में भी अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें दिशा निर्देश दिए गए है। बीमारी से बचाव का एकमात्र उपाय सोशल डिस्टेंसींग है। छूट के दौरान भी जरुरत होने पर ही लोग बाहर निकले। डीआईजी मिश्र ने कहा कि लोग अपने स्वास्थ्य और परिवार के लिए घर पर रहे। छह सात दिन का काम एक ही दिन में पूरा करने की कोशिश करे। उन्होंने बताया कि कुछ जगहों का जायजा भी लिया गया है। कोई समस्या होने पर अधिकारियों से चर्चा भी की जाएगी। इंदौर में कोरोना पॉजीटिव मिले हैं। यहां अभी कोई केस सामने नहीं आया है। लोगों को पूरी तरह से सतर्क रहना होगा। एक बार संक्रमण फैलने के बाद इस पर काबू पाना मुश्किल होता है। बाहरी लोगों के प्रवेश पर डीआईजी रुचिवर्धन ने कहा कि दल बनाकर लगातार फालोअप लिया जा रहा है। लोग भी सतर्क हो रहे हैं। लगातार बाहरी लोगों के बारे में जानकारी हमें मिल रही है। उसके बाद जांच भी करवाई जा रही है।